धनबाद। धनसार थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए छह युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है। पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल समेत दो बाइक भी जब्त की हैं।
पुलिस वाहन देखकर भागने लगे युवक
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की रात करीब 3:30 बजे पुलिस टीम कला संगम मनईटांड़ के पास रात्रि गश्ती कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार छह युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया। गांधी नगर शिव मंदिर के पास सीटी हाक्स के सहयोग से पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
कमर से कट्टा और जेब से मिली गोली
तलाशी के दौरान आजाद आलम की कमर में खोसा हुआ देशी कट्टा बरामद हुआ। वहीं, मुकेश कुमार की पैंट की जेब से एक जिंदा गोली मिली। पुलिस ने दोनों हथियारों को जब्त कर लिया।
मटकुरिया से चोरी की गई थी एक बाइक
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि दोनों में से एक मोटरसाइकिल आरोपियों की थी, जबकि दूसरी हीरो ग्लैमर बाइक मटकुरिया इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है।
हथियार देने वाले जग्गु पासवान को भी पकड़ा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आजाद आलम ने बताया कि हथियार उसे जग्गु पासवान ने दिया था। उसने यह भी बताया कि सभी लोग चोरी की नीयत से घूम रहे थे। आजाद की निशानदेही पर पुलिस ने जग्गु पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले में हथियार, जिंदा गोली और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

