बेलगड़िया टाउनशिप को मिलेगी बिजली की बड़ी सौगात, जल्द शुरू होगा विद्युत सबस्टेशन का निर्माण

Reena Sharma
2 Min Read

बेलगड़िया टाउनशिप में विद्युत सबस्टेशन का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसे लेकर उपायुक्त आदित्य रंजन ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने का निर्देश दिया।

सड़क, बिजली और पेयजल योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में सड़क, बिजली और पेयजल से जुड़ी विकास योजनाओं की समीक्षा की गयी। डीसी ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों में तेजी लायें।

कई प्रमुख सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण पर चर्चा

बैठक में रानी रोड, ब्राह्मणडीह-खरियो रोड, बिनोद बिहारी चौक से पॉलिटेक्निक रोड चौड़ीकरण और सर्किट हाउस रोड समेत अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी। इस दौरान सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने कार्यों में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने का निर्देश दिया।

प्राक्कलन तैयार कर तय समय सीमा में पूरा करें काम

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही विभागों को आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, डीएफओ श्वेतांक सुमन सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंता, संवेदक और पीएमयू के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share This Article