Bihar :पूर्व सांसद उदय सिंह को मिल सकती है जन सुराज की कमान, राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की तैयारी में प्रशांत किशोर

Reena Sharma
3 Min Read

चुनावी रणनीतिकार से नेता बनने निकले प्रशांत किशोर को अपनी पार्टी जनसुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चेहरा मिल गया है। जनसुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह का नाम लगभग तय हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह को जन सुराज का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की आधिकारिक घोषणा प्रशांत किशोर जल्द कर सकते हैं।

पीके के खास दोस्त हैं उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह

बता दें कि उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह की प्रशांत किशोर से गहरी दोस्ती रही है। पप्पू सिंह जन सुराज के स्थापना काल से ही खुलकर पार्टी सुप्रीमो प्रशांत किशोर का साथ देते आ रहे हैं। उन्होंने न केवल पार्टी का समर्थन किया है, बल्कि पटना में प्रशांत किशोर को पार्टी चलाने के लिए शेखपुरा हाउस भी दिया है। बिहार की राजनीति में सक्रिय होने के बाद प्रशांत किशोर पटना के जिस घर में रह रहे हैं, वह पप्पू सिंह की ही है। बीपीएससी आंदोलन के समय प्रशांत किशोर के वैनिटी वैन की काफी चर्चा हुई थी। वह वैनिटी वैन उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह से जुड़ी एक कंपनी की है।

Advertisement

उदय सिंह का अनुभव और लोकप्रियता का मिलेगा लाभ

माना जा रहा है कि पूर्व सांसद और पप्पू सिंह के जनसुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से बिहार की राजनीति में एक नए समीकरण की शुरुआत हो सकती है। उनकी राजनीतिक अनुभव और लोकप्रियता को देखते हुए यह बदलाव पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है। पार्टी की रणनीति और दिशा में भी बदलाव आने की संभावना है। प्रशांत किशोर के साथ मिलकर, पप्पू सिंह बिहार की राजनीति में एक नए मोड़ की शुरुआत कर सकते हैं। 

कौन हैं उदय सिंह?

उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह पूर्णिया के दो दफे सांसद रह चुके हैं। वे 2004 और 2009 में सांसद चुने गये थे। लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बावजूद उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उदय सिंह ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा था। कांग्रेस ने उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्णिया से उम्मीदवार बनाया था लेकिन फिर से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। पप्पू सिंह को 2024 में भी कांग्रेस से टिकट मिलने की उम्मीद थी लेकिन उम्मीद पूरी नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस से अलग होने का ऐलान किया था। कांग्रेस से अलग होने के बाद वे किसी पार्टी से नहीं जुड़े थे। अब जनसुराज में एंट्री मारने के साथ ही वे प्रशांत किशोर की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं।

Share This Article