मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। गोपालगंज कोर्ट से जेडीयू विधायक अनंत सिंह को बड़ा झटका लगा है। हथियार प्रदर्शन और अश्लील डांस के वायरल वीडियो मामले में उन्हें अग्रिम जमानत नहीं मिली है। साथ ही मामले को एमपी-एमएलए कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई बुधवार को होगी।
फूहड़ डांस और हथियारों के प्रदर्शन का आरोप
बीते दिनों मोकामा विधायक अनंत सिंह का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें अनंत सिंह के समर्थक हथियार लहराते दिखे थे। पूरा मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है। यहां कथित तौर पर फूहड़ डांस और हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
विधायक अनंत सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर
इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक अनंत सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। गोपालगंज एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर साइबर थाना के एसआई नवीन कुमार ने मीरगंज थाना में एफआईआर दर्ज कराई। जिसमें कार्यक्रम के आयोजक गुड्डू राय उर्फ अमरेश राय, मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह सहित 9 लोगों को नामजद जबकि कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव का है। यहां आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर फूहड़ डांस और खुलेआम हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो सामने आया था। यह वीडियो 2 और 3 मई को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो में समर्थकों के हाथों में जो हथियार दिख रहे हैं, उनके बारे में पुलिस को आशंका है कि वे प्रतिबंधित श्रेणी के हो सकते हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गोपालगंज पुलिस ने वीडियो फुटेज को एफएसएल जांच के लिए भेजने का निर्णय लिया है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वीडियो के साथ कोई छेड़छाड़ तो नहीं की गई और उसमें दिख रहे हथियार असली हैं या नहीं।

