बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान से दो दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) से राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने बांकीपुर के मतदाताओं के लिए वीडियो संदेश जारी किया। इस वीडियो संदेश के जरिए नीतीशने एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। अब जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने इस वीडियो को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है।
एआई जेनरेटेड वीडियो के गलत इस्तेमाल का आरोप
प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि बांकीपुर उपचुनाव में अपनी संभावित हार को सामने देखकर बीजेपी बौखला गई है। इसी बौखलाहट में वो पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का फर्जी एआई-जनरेटेड वीडियो तैयार कराकर जनता के बीच प्रसारित करवा रही है। पीके का आरोप है कि चुनाव जीतने और मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए एआई जेनरेटेड वीडियो का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने जनता से इस तरह के भ्रामक वीडियो से सावधान रहने की अपील की है।
नीतीश कुमार का असली वीडियो नहीं-प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने दावा करते हुए कहा, अगर आप वीडियो को ध्यान से देखेंगे, तो पाएंगे कि इसे AI से एडिट किया गया है; यह नीतीश कुमार का असली वीडियो नहीं है और न ही यह उनका दिया हुआ कोई बयान है। इससे पता चलता है कि बीजेपी कितनी डरी हुई है। अगर नीतीश कुमार ने सच में वह बयान दिया है, तो उन्हें अपनी पसंद के किसी भी पत्रकार के सामने उसे दोहराने के लिए कहें, और हम तुरंत चुनाव से अपनी उम्मीदवारी वापस ले लेंगे।
हार के डर से नीतीश कुमार की मदद ले रहे-प्रशांत किशोर
बीजेपी पर हमलावर प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि, नीतीश कुमार का चेहरा इन लोगों ने बिहार के सभी सरकारी गैर-सरकारी और राजनीतिक पोस्टरों से हटा दिया है। अब हार के डर से नीतीश कुमार की मदद लेने के लिए.. नीतीश कुमार के समर्थकों की मदद लेने के लिए नीतीश जी का एक वीडियो जारी किया है, जो सरासर एक तरीके से हास्यास्पद है।

