राजस्व विभाग से हटाए गए आईएएस सीके अनिल, राजस्व अधिकारियों और सीओ के हड़ताल के बीच बड़ा फैसला

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में पिछले तीन दिनों से अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है। प्रशासनिक अधिकारियों की ट्रांसफर पोस्टिंग के बीच राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल का तबादला कर दिया गया है। बिहार में सम्राट सरकार ने राजस्व अधिकारियों और अंचल अधिकारियों की हड़ताल के बीच ये बड़ा फैसला लिया है।

जय सिंह को मिली जिम्मेदारी

बिहार सरकार ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए प्रधान सचिव सीके अनिल को पद से हटा दिया है। उन्हें बिहार राज्य योजना पर्षद में परामर्शी के तौर पर भेजा गया है। वहीं, विभाग के सचिव जय सिंह को प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

हड़ताल के बीच बड़ा फैसला

इस तबादले को राजस्व सेवा संवर्ग के अधिकारियों की जारी हड़ताल से जोड़कर देखा जा रहा है।कई हफ्तों से राजस्व अधिकारियों और अंचल अधिकारियों की हड़ताल के कारण राज्य में दाखिल-खारिज (भूमि म्यूटेशन) की प्रक्रिया और भूमि से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह से ठप पड़ गए हैं। भूमि संबंधी मामलों को लेकर आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे सम्राट सरकार पर दबाव काफ़ी बढ़ गया है।

तबादला एक प्रशासनिक संदेश

कड़क और सख्त अधिकारी की छवि वाले सीके अनिल ने हड़ताल खत्म कराने के लिए राजस्व सेवा संघ और कर्मचारी संगठनों से कई दौर की बातचीत की, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका। इसी पृष्ठभूमि में उनके तबादले को एक प्रशासनिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस फैसला का मकसद हड़ताल को खत्म करना और कामकाज को सुचारू रूप से चलाना सुनिश्चित करना है।

Share This Article