बिहार में मौसम ने करवट ली है। भीषण गर्मी से तप रहा पूरा प्रदेश बारिश के बाद राहत महसूस कर रहा है। अभी तक लोग 45 डिग्री सेल्सियस की गर्मी से झुलस रहे बिहार का पारा अचानक गिर गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। जहां सीमांचल क्षेत्र और कोसी बेल्ट के कई इलाकों में बादल गरजने के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
प्री-मानसून सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, राजधानी सहित प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियां सक्रिय हो गई है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई है। इस बीच राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आंधी-पानी के साथ ठनका गिरने को लेकर चेतावनी जारी की गई है। राज्य में तीन मई तक अलग-अलग जगहों पर आंधी-पानी के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात की संभावना है।
बिहार के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूरे बिहार में आज येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज में बारिश की संभावना है। इसके अलावा उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली में भी गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। जबकि उत्तर-पूर्व बिहार के पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, अररिया, किशनगंज में अधिांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। साथ ही दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, रोहतास, भोजपुर, बक्सर, नवादा, जहानाबाद में कई स्थानों पर हल्की-मध्यम बारिश के साथ एक-दो जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। दक्षिणी जिलों के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर में भी बारिश हो सकती है।
बीते 24 घंटों में कहां कितनी वर्षा
बीते 24 घंटों के दौरान कटिहार, अररिया, मधुबनी, पूर्णिया, सुपौल, गयाजी, नवादा आदि जगहों पर वर्षा दर्ज की गई। कटिहार के बरसोई में सर्वाधिक वर्षा 28.4 मिमी दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अररिया में 23.8 मिमी, फारबिसगंज में 19.2 मिमी, कटिहार के बलरामपुर में 15.0 मिमी, पूर्णिया के जलालगढ़ में 12.0 मिमी, मधुबनी के जयनगर में 11.4 मिमी, पूर्णिया के अमौर में 9.2 मिमी, पूर्णिया के बैसा में 6.4 मिमी, गयाजी के बांके बाजार में 5.0 मिमी, मधुबनी के बबुराही में 2.6 मिमी, मधेपुरा में 2.5 मिमी, अररिया के जोकिहाट में 2.4 मिमी, गयाजी के फतेहपुर में 2.0 मिमी, सहरसा के सत्तर कटैया में 1.2 मिमी, नवादा में 1.2 मिमी एवं गयाजी में 1.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

