बिहार में कांग्रेस को चिढ़ाने वाला काम! पटना जू और डेयरी संस्थान से हटा संजय गांधी का नाम

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए दो प्रमुख संस्थानों के नाम बदल दिए हैं। पटना का चिड़ियाघर (संजय गांधी बायोलॉजिकल पार्क) का नाम बदलकर ‘पटना जू’ कर दिया गया है। वहीं ‘संजय गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ डेयरी टेक्नोलॉजी’ का नाम भी बदल गया है। इसे बदलकर अब ‘बिहार स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ डेयरी टेक्नोलॉजी’ कर दिया गया है।

संजय गांधी जैविक उद्यान नहीं ‘पटना जू’

पटना का सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थल, जिसे अब तक ‘संजय गांधी जैविक उद्यान’ कहा जाता था, अब आधिकारिक रूप से ‘पटना जू’ कहलाएगा। हालांकि, आम बोलचाल में लोग इसे पहले भी इसी नाम से पुकारते थे, लेकिन अब सरकारी दस्तावेजों में भी इसकी पहचान बदल गई है। इसके साथ ही संस्थान का संचालन करने वाली समिति का नाम भी बदलकर ‘पटना जू प्रबंधन एवं विकास सोसाइटी’ कर दिया गया है।

डेयरी संस्थान से हटा संजय गांधी का नाम

बिहार पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले संजय गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ डेयरी टेक्नोलॉजी का नाम अब ‘बिहार स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ डेयरी टेक्नोलॉजी, पटना’ होगा। ये संस्थान राज्य में डेयरी शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। यहां छात्रों को डेयरी से जुड़े पेशेवर शिक्षा दी जाती है। इसमें डेयरी टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग, दूध प्रसंस्करण की आधुनिक तकनीक, डेयरी केमिस्ट्री और माइक्रोबायलॉजी, गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच, डेयरी बिजनेस मैनेजमेंट, व्यवसाय और प्रबंधन के गुर, डेयरी एक्सटेंशन एजुकेशन और किसानों और समाज तक तकनीक पहुंचाने के गुर सिखाएजाते हैं।

सम्राट सरकार ने बताई नाम बदलने की वजह

सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ये फैसले लिए गए। ये दोनों जगहें पहले पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी के नाम पर थीं, जिन्हें अब बदल दिया गया है। कांग्रेस नेता संजय गांधी का नाम अब पटना के मशहूर चिड़ियाघर और डेयरी टेक्नोलॉजी संस्थान की पट्टिकाओं से हटा दिया गया। सरकार का तर्क है कि इन संस्थानों की पहचान अब उनके स्थान और राज्य के नाम से होगी।

संस्थानों का नाम बदलने पर गरमाई सियासत

राज्य के दो महत्वपूर्ण गौरवशाली संस्थानों का नाम बदलने पर सियासत गरमा गई है। इन संस्थानों से कांग्रेस नेता संजय गांधी का नाम हटाए जाने पर कांग्रेस पार्टी ने नाराजगी जताई है। सरकार के इस फैसले पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सरकार केवल नाम बदलने की राजनीति करती है।

नाम बदले के बदले नया जू बनवाने की सलाह

कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा कि हमें गर्व है कि हमने संयुक्त बिहार को संजय गांधी जैविक उद्यान के रूप में पहला चिड़ियाघर दिया था। आज भाजपा और वर्तमान सरकार केवल नाम बदलने की राजनीति कर रही है। नाम बदलने से बेहतर होता कि मुख्यमंत्री अपने क्षेत्र में एक नया जू बनवाते। अगर उन्हें नाम ही रखना था, तो अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर नया चिड़ियाघर बनवाते वह ज्यादा बेहतर होता।

Share This Article