धनबाद – इलाज के इंतजार में तड़पता रहा मजदूर : समय पर इलाज नहीं मिलने से अस्पताल में भड़के कर्मी

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद (निरसा) के मुगमा एरिया स्थित बैजना कोलियरी में एक गंभीर घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। जानकारी के अनुसार 31 नंबर इंकलाइन में कार्यरत मजदूर परिमल घोष ड्यूटी के दौरान वाहन की टक्कर में घायल हो गए।

घायल अवस्था में साथी कर्मियों ने उन्हें तुरंत मुगमा एरिया चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सक की अनुपस्थिति से मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। इलाज में देरी से नाराज कर्मियों ने अस्पताल में प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।

काफी हंगामे के बाद चिकित्सक अस्पताल पहुंचे और घायल मजदूर का प्राथमिक इलाज किया गया। स्थिति गंभीर देखते हुए परिमल घोष को बेहतर इलाज के लिए सगतोड़िया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इस घटना को लेकर बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के शाखा सचिव तापस कुमार चटर्जी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल मजदूरों की आपात स्थिति के लिए होता है, लेकिन यहां समय पर डॉक्टर तक उपलब्ध नहीं रहते। एक घंटे तक घायल मजदूर दर्द से तड़पता रहा, जो बेहद गंभीर लापरवाही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अस्पताल की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो यूनियन आंदोलन करने को मजबूर होगी।

वहीं मुगमा एरिया के जीएम ने सफाई देते हुए कहा कि अस्पताल में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह एक संयोग था कि मरीज के पहुंचने के समय डॉक्टर मौजूद नहीं थे, लेकिन अन्य चिकित्सा कर्मी मौजूद थे और थोड़ी ही देर में डॉक्टर पहुंच गए। उन्होंने आश्वासन दिया कि मजदूरों की सुरक्षा और इलाज में कोई लापरवाही नहीं होगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....