बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार कल यानी 7 मई को होना है। इससे पहले चर्चाओं का बाजार गी है। सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में किस-किस को जगह मिलेगी इसकी अटकलें लगाई जा रही है। इसी बीच एक बार फिर निशांत कुमार का नाम उछला है। उन्हें मंत्री बनाने की चर्चा चल रही है।
निशांत कुमार बन सकते हैं मंत्री?
सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को पटना के 7 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व सीएम नीतीश कुमार के आवास पर जदयू के शीर्ष नेताओं की एक लंबी बैठक चली। इसमें केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और डिप्टी सीएम विजय चौधरी शामिल थे। चर्चा है कि निशांत कल मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। खबर है कि निशांत कुमार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मना लिया है। हालांकि अभी तक इस पर किसी का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
मान-मनौव्वल के बाद निशांत मंत्री बनने को तैयार?
बताया जा रहा है कि बीती रात जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं और करीबियों ने उन्हें समझाया कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में उनका सरकार में शामिल होना राज्य और पार्टी के भविष्य के लिए अनिवार्य है। बताया जा रहा है कि जेडीयू नेताओं की लंबी मान-मनौव्वल के बाद राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए निशांक कुमार तैयार हो गए हैं।
कैबिनेट विस्तार से पहले बढ़ी हलचल
कैबिनेट विस्तार से पहले जेडीयू खेमे में बैठकों का दौर जारी है। विजय चौधरी, संजय झा, ललन सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर चर्चा कर रहे हैं। माना जा रहा है कि मंत्रियों के नामों के साथ-साथ निशांत कुमार की भूमिका पर भी विचार हो रहा है। दूसरी तरफ नीतीश कुमार के आवास पर मंत्रियों की फाइनल लिस्ट पर मुहर लगाने के लिए जदयू के शीर्ष नेताओं की बैठक जारी है। देर शाम तक पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर मंत्रियों की सूची जारी की जा सकती है।
फिलहाल सद्भावना यात्रा पर हैं निशांत
बता दें कि जनता दल यूनाइटेड में औपचारिक रूप से शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने फिलहाल किसी पद में अपनी रुचि नहीं दिखाई थी। वह यात्रा पर हैं। राजनीति को समझने की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की कुर्सी से नीतीश कुमार के हटने की चर्चा शुरू होने के बाद उन्हें कभी सीएम तो कभी डिप्टी सीएम बनाने की बात हो रही थी। सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री घोषित हुए तो भी निशांत को डिप्टी सीएम बनने की चर्चा थी। वह नहीं हुआ। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपने दो पुराने और विश्वसनीय नेताओं को डिप्टी सीएम की कुर्सी दी। अब जब मंत्रिमंडल विस्तार हो रहा है, तो एक बार फिर निशांत चर्चा में हैं।

