खेत से निकला कुबेर का खजाना, बंगाल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और काले धन का एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने फिल्मी कहानियों को भी पीछे छोड़ दिया है। उत्तर 24 परगना जिले के बादुड़िया में पुलिस ने एक तृणमूल कांग्रेस नेता के ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी और हथियार बरामद किए हैं। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब पुलिस आरोपी नेता को लेकर एक पाट के खेत में पहुंची और वहां जमीन खोदकर नोटों से भरे बैग निकाले गए।

खेत की खुदाई और कुबेर का खजाना
​बादुड़िया नगर पालिका के चेयरमैन और टीएमसी नेता दीपंकर भट्टाचार्य को पुलिस ने हाल ही में एक होटल से गिरफ्तार किया था। जब पुलिस उन्हें लेकर टीएमसी कार्यालय के पास स्थित एक पाट के खेत में पहुंची, तो वहां का नजारा देख सब दंग रह गए। जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए चार ट्रॉली बैग और एक बड़ा बोरा बरामद किया गया। जब इन्हें खोला गया, तो इनमें 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां ठसाठस भरी हुई थी। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर लाखों रुपये मिलने की पुष्टि की है, लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों का दावा है कि यह रकम कई करोड़ रुपये हो सकती है।

सरकारी तिरपाल की चोरी और जलते हुए दस्तावेज
​यह पूरा मामला तब खुला जब 24 मई की रात पुलिस को सूचना मिली कि दीपंकर और उनके सहयोगी सरकारी तिरपालों को गाड़ियों में भरकर कहीं छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए, लेकिन सोमवार रात एक परित्यक्त कंप्यूटर सेंटर से पुलिस ने 4,000 सरकारी तिरपाल और करीब 80 लाख रुपये नकद बरामद किए। घटना स्थल पर सबूत मिटाने के लिए बड़ी मात्रा में जलाए गए दस्तावेजों की राख भी मिली।

विपक्ष का हमला: राज्य में विपक्षी दलों ने इस घटना को लेकर ममता सरकार को घेरा है। विपक्ष का आरोप है कि यह बंगाल में चल रहे वसूली और भ्रष्टाचार के संगठित नेटवर्क का एक और पुख्ता प्रमाण है।

एक और टीएमसी नेता के घर मिला हथियारों का जखीरा
​भ्रष्टाचार की यह आंच केवल बादुड़िया तक सीमित नहीं है। इसी कड़ी में गोबरडांगा में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने टीएमसी नेता और जिला परिषद कर्माध्यक्ष अजीत साहा और उनके भाई सुजीत साहा को गिरफ्तार किया है।

अजीत साहा के घर से बरामदगी
​नकदी: 27 लाख रुपये कैश
​कारतूस: 626 राउंड जिंदा गोलियां
​हथियार: पिस्तौल और एयरगन
​अन्य: विदेशी शराब की कई बोतलें
​पुलिस अब इन दोनों मामलों के तारों को आपस में जोड़कर देख रही है और इस पूरे रैकेट की गहन जांच में जुट गई है। आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Share This Article