नई दिल्ली। देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और इसके असर से कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर, पूर्व, मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
IMD ने बिहार और झारखंड में गरज-चमक, तेज हवाओं तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कर्नाटक और केरल के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों, यात्रियों और मछुआरों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

