बिहार के किशनगंज में लगे भूकंप के झटके, 10 सेकेंड के लिए कांपी धरती

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। सीमावर्ती जिले किशनगंज में रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जब रात करीब 11:06 बजे अचानक धरती कांप उठी। करीब 10 सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिसने लोगों को दहशत में डाल दिया।

भूकंप का केंद्र भूटान का पुनाखा

भूकंप निगरानी एजेंसियों के अनुसार, भूकंप का केंद्र भूटान के पुनाखा क्षेत्र के पास था और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 दर्ज की गई। इसका असर भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के साथ-साथ नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में भी महसूस किया गया।

सिक्किम और उत्तरी बंगाल के कुछ हिस्सों में महसूस हुए झटके

‘अमेरिका भूगर्भीय सर्वेक्षण’ के अनुसार, भूकंप भूटान के पुनाखा के पास रात 11:06 बजे आया था। 5.6 तीव्रता के भूकंप के झटके सिक्किम और उत्तरी बंगाल के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। अधिकारियों ने बताया कि झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए और इन राज्यों में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है।

बिहार के इन इलाकों में दिखा असर

भारत में पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में इसका असर ज्यादा देखा गया। वहीं बिहार के किशनगंज शहर, बहादुरगंज, ठाकुरगंज और टेढ़ागाछ समेत कई इलाकों में लोगों ने झटके महसूस किए। रात का समय होने के कारण अधिकांश लोग घरों में थे। कंपन महसूस होते ही लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 10 से 12 सेकंड तक धरती में कंपन महसूस किया गया। कुछ क्षेत्रों में उस समय हल्की बारिश भी हो रही थी, जिसके कारण कई लोगों को शुरुआत में भूकंप का एहसास नहीं हुआ। 

Share This Article