रेल यात्रियों के लिए जरूरी सूचना: एजेंट से टिकट बुक कराते समय जरूर दें अपना मोबाइल नंबर

KK Sagar
2 Min Read

भारतीय रेलवे ने यात्रियों को सुरक्षित और पारदर्शी टिकट बुकिंग सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। रेलवे ने कहा है कि जो यात्री IRCTC के अधिकृत एजेंटों के माध्यम से टिकट बुक कराते हैं, वे बुकिंग के समय अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर ही दर्ज करवाएं।

रेलवे के अनुसार, अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराने से यात्रियों को यात्रा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां सीधे उनके फोन पर प्राप्त होती हैं। इसमें टिकट की स्थिति में बदलाव, कोच अपग्रेडेशन, ट्रेन के चलने की जानकारी और अन्य जरूरी अपडेट शामिल हैं।

रेलवे ने बताया कि व्यक्तिगत मोबाइल नंबर दर्ज होने से यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ती है। इससे किसी अन्य व्यक्ति द्वारा ई-रिजर्वेशन स्लिप (ERS) में अनधिकृत बदलाव की संभावना कम हो जाती है।

इसके अलावा टिकट रद्द कराने और रिफंड प्राप्त करने की प्रक्रिया भी अधिक सुरक्षित हो जाती है। रेलवे के नए सुरक्षा प्रावधानों के तहत टिकट कैंसिलेशन और रिफंड के लिए मोबाइल पर भेजे गए OTP सत्यापन की आवश्यकता होती है। ऐसे में अपना मोबाइल नंबर दर्ज होने से केवल वास्तविक यात्री ही टिकट रद्द करा सकता है।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट बुकिंग के दौरान अपने संपर्क विवरण की जांच अवश्य करें और किसी भी स्थिति में एजेंट का मोबाइल नंबर दर्ज न होने दें।

रेलवे का कहना है कि यह कदम यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....