रामगढ़ – मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर सख्ती, 7 बीएलओ सुपरवाइजरों का वेतन रोका, 10 से मांगा जवाब

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के सफल और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को मांडू प्रखंड कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर आयोजित बैठक में कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता एवं जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मतदान केंद्रवार कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्त प्रपत्रों की स्थिति, घर-घर सत्यापन, मतदाताओं के ऑनलाइन डिजिटाइजेशन समेत विभिन्न बिंदुओं पर प्रगति का आकलन किया गया।

अधिकारियों ने सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई

समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर 7 बीएलओ सुपरवाइजरों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया गया। वहीं कार्य में शिथिलता और संतोषजनक प्रदर्शन नहीं करने पर 10 बीएलओ सुपरवाइजरों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया।

उप निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें।

बैठक में अधिकारियों ने नियमित अनुश्रवण, सतत समीक्षा और बेहतर समन्वय के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 को सफल बनाने पर जोर दिया तथा सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....