डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर :शहर के उलीडीह (ओलडीह) थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के साथ हुई सोने की चेन छिनतई मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जमशेदपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही लूटा गया सोना खरीदने वाले बिष्टुपुर के एक सुनार को भी पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए तीनों अपराधी पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर दर्ज हैं और ये एनएच-33 पर हथियार के बल पर लूटपाट की एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
क्या था मामला?
1 अगस्त को उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 में एक बुजुर्ग महिला सड़क पर टहल रही थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने उलीडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिटी एसपी ललित मीणा और एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच व छापेमारी टीम का गठन किया गया।
सीसीटीवी और सर्विलांस से मिला सुराग
जांच में जुटी पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी शाखा (सर्विलांस) और गुप्त सूचनाओं की मदद से मुख्य आरोपी की शिनाख्त ‘बादल’ के रूप में की। इसके बाद पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी।
खंडहर क्वार्टर से घेराबंदी कर हुई गिरफ्तारी
3 अगस्त की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वसुंधरा एस्टेट के समीप सुवर्णरेखा प्रोजेक्ट भवन के एक जर्जर, खंडहर क्वार्टर में कुछ अपराधी छिपे हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और तीनों बदमाशों को मौके से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने 1 अगस्त को हुई चेन छिनतई की बात कबूल की। साथ ही यह भी खुलासा किया कि उन्होंने छीनी गई चेन बिष्टुपुर के एक सुनार को बेची थी, जिसके बाद पुलिस ने उस सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
बादल कुमार मोहंती उर्फ बादल (26 वर्ष) – निवासी: साकची गुरुद्वारा कालीमाटी रोड
हरप्रीत सिंह उर्फ रितिक (26 वर्ष) – निवासी: टेल्को, मनीफिट
राजा बनर्जी उर्फ बड़ा चेला (28 वर्ष) – निवासी: उलीडीह, शंकोसाई रोड नंबर-5
सुनार (सोना खरीदार) – बिष्टुपुर क्षेत्र
बरामदगी
1 देशी पिस्तौल (लोड) व जिंदा कारतूस, गोली, छीनी गई सोने की चेन (टुकड़ों में बंटी हुई दूसरी चेन सहित)₹40,000 नकद, 4-5 एंड्रॉइड और कीपैड मोबाइल फोन,1 डोंगल व अन्य सामान।
NH-33 पर लूट की थी बड़ी योजना
सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार तीनों अपराधी (सुनार को छोड़कर) शातिर हिस्ट्रीशीटर हैं। पूछताछ में इन्होंने यह स्वीकार किया कि वे एनएच-33 पर हथियार के बल पर लूटपाट की एक नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से जमा हुए थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और छिनतई की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत भेज दिया है। पुलिस इनके पुराने आपराधिक इतिहास की भी गहनता से जांच कर रही है।

