पप्पू यादव ने दिया विवादित बयान, तो अनंत सिंह ने बोले-अपनी पत्नी से पूछें वो राजनीति में कैसे आईं?

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भाषाई मर्यादा को तार-तार करते हुए महिलाओं को लेकर टिप्पणी की। इस बयान में उन्होंने दावा किया था कि 90 प्रतिशत महिलाओं का राजनीतिक करियर नेताओं के बिस्तरों से शुरू होता है। पप्पू यादव के इस बयान पर राजनीतिक हंगामा खड़ा हो गया है। इस बयान पर मोकामा से जदयू के विधायक अनंत सिंह ने बेहद तल्ख टिप्पणी की है।

पप्पू यादव के बयान पर भड़के अनंत सिंह

पप्पू यादव के बयान पर कड़ा एतराज जताते हुए अनंत सिंह ने कहा, ‘पप्पू यादव पागल हो गए हैं। उन्हें कोई होश नहीं है कि वह क्या कह रहे हैं। पप्पू यादव को पहले अपनी पत्नी (सांसद रंजीत रंजन) से पूछना चाहिए कि वह राजनीति में कैसे आईं। आखिर, वह भी तो सांसद हैं। जब वह सभी महिलाओं के बारे में बोल रहे हैं, तो अपनी पत्नी के बारे में भी स्पष्ट कर दें। यह किसी भी महिला का अपमान करने का तरीका नहीं है।’

महिला आयोग ने जारी किया नोटिस

दरअसल, पप्पू यादव ने हाल ही में कहा था कि राजनीति में आने वाली 90 प्रतिशत महिलाओं को किसी नेता के कमरे में जाना पड़ता है। इस बयान पर महिला संगठनों और सामाजिक समूहों ने कड़ी आपत्ति जताई। मामले ने तूल पकड़ने के बाद महिला आयोग ने भी स्वतः संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है।

महिला आयोग के तीखे सवाल

महिला आयोग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि यह बयान न सिर्फ महिलाओं के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाता है, बल्कि समाज में उनकी प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचाता है। नोटिस में पूछा गया है कि आखिर क्यों न उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की जाए।

महिला आयोग के नोटिस को बताया ‘रद्दी’

विवाद बढ़ने के बावजूद पप्पू यादव अपने बयान पर कायम हैं। बिहार राज्य महिला आयोग द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वह अपने मूल बयान पर कायम हैं। पप्पू यादव ने कहा, ‘मैंने महिला आयोग के नोटिस को रद्दी की टोकरी में फेंक दिया है। मैंने जो कहा वह दुनिया की कड़वी हकीकत है। मैं महिलाओं का सम्मान करता हूं लेकिन सिस्टम में जो शोषण हो रहा है, उसे उजागर करना मेरा फर्ज है।’

Share This Article